आरकेडीएफ विश्वविद्यालय में ‘कार्निविस्टा 2026’ का रंगारंग आयोजन, म्यूजिकल नाइट पर झूमे छात्र

WhatsApp Channel Join Now
आरकेडीएफ विश्वविद्यालय में ‘कार्निविस्टा 2026’ का रंगारंग आयोजन, म्यूजिकल नाइट पर झूमे छात्र


रांची, 25 मार्च (हि.स.)। रांची के आरकेडीएफ विश्वविद्यालय में बुधवार को वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘आरकेडीएफ कार्निविस्टा 2026’ का आयोजन किया गया। इस मौके पर म्यूजिकल नाइट और बैंड परफॉर्मेंस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे, जिन पर दर्शक जमकर झूमे और तालियों की गूंज से पूरा परिसर उत्साह से भर उठा।

महोत्सव के दौरान आयोजित रैंप वॉक प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक परिधानों और आत्मविश्वास के साथ शानदार प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा रहा, जहां रंग-बिरंगी सजावट और रोशनी ने माहौल को और भी आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एस. चटर्जी और कुलसचिव डॉ. अमित कुमार पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और ऐसे आयोजन उनकी प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

कुलसचिव ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों के बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। महोत्सव में नृत्य, गायन, नाट्य मंचन, लाइव बैंड परफॉर्मेंस और समूह प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीमवर्क की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story