राजद ने सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर मांगा इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now
राजद ने सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर मांगा इस्तीफा


रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश राजद जिला इकाई की ओर से रविवार को देश में चुनाव आयोग की कथित धांधली, एसआईआर और एमएमडीआर बिल के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित अन्य का पुतला दहन किया गया।

कार्यक्रम में राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव, महासचिव मनोज पांडेय, रामकुमार यादव, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र महतो और ऊषा यादव की मौजूदगी में पुतला दहन किया गया।

इस दौरान विशेष रूप से उपस्थित राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि एमएमडीआर बिल के लागू होने से राज्य सरकार को 13 हजार करोड़ रूपये का वार्षिक नुकसान होगा। इससे राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही मंईयां सम्मान सहित कई कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होगी ।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के अधिकारों का लगातार हनन कर रही है।

एसआईआर के नाम पर अब तक देश में 13 करोड़ वैध मतदाताओं का नाम काट कर उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया गया है।

पुतला दहन कार्यक्रम के माध्यम से राजद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता को बर्खास्त करते हुए बिहार, बंगाल सहित काटे गए वोट के लिए पुनः मतदान कराने की मांग की गई।

मौके पर निर्णय लिया गया कि उपरोक्त मांगों को लेकर आठ अक्टूबर को धुर्वा बस स्टैंड से जेपी मार्केट होते हुए सपूर्ण एचईसी नगर परिसर में मार्च निकालकर मशाल जुलूस निकाला जाएगा।

कार्यक्रम में राजद प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव, मनोज पांडेय, रामकुमार यादव, उषा यादव, पार्वती ठाकुर, ज्योति देवी, पूनम राय, सरोज पांडे, इंदु देवी, आशा देवी अन्य लोग शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story