रिम्स शासी परिषद की बैठक: खरीदे जाएंगे 200 नए अत्याधुनिक वेंटिलेटर, रोबोटिक सर्जरी होगी शुरू
रांची, 21 जुलाई (हि.स.)। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की शासी परिषद की बैठक मंगलवार को रिम्स परिसर में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ इरफान अंसारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
शासी परिषद की बैठक में 19 एजेंडों और पांच अतिरिक्त महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए रिम्स को अत्याधुनिक, मरीज-केंद्रित और विश्वस्तरीय संस्थान बनाने की दिशा में कई बड़े एवं ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। ताकि रिम्स अग्रणी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में शामिल हो सके।
बैठक में रिम्स के सभी शौचालयों को एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक बनाने, मुख्य प्रवेश द्वार को हाईटेक स्वरूप देने, ऑर्थोपेडिक वार्ड के पुनर्निर्माण, 200 नए अत्याधुनिक वेंटिलेटर की खरीदने, रोबोटिक सर्जरी शुरू किए जाने, स्मार्ट क्लासरूम विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके अलावे रिम्स में रिहैबिलिटेशन सेंटर स्थापित करने, मेडिकल उपकरणों की शीघ्र खरीद, हेल्प डेस्क की स्थापना किए जाने, रेडियोथेरेपी मशीन की खरीद प्रक्रिया तेज करने, ब्लड बैंक को सशक्त बनाने, जेनेटिक स्क्रीनिंग व्यवस्था मजबूत करने, स्टेम सेल संरक्षण की दिशा में पहल किए जाने की बातों पर सहमति बनी।
बैठक के बाद मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता रिम्स को आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधनों और उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित कर ऐसा संस्थान बनाना है, जहां मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। जिसके लिए अस्पताल प्रबंधन और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने सभी योजनाओं को समयबद्ध ढंग से लागू करने और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की चेतावनी भी दी।
बैठक में विधायक सुरेश बैठा, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, रिम्स के निदेशक डॉ दीपेंद्र कुमार सिन्हा, वित्त विभाग के प्रधान सचिव, अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, अपर निदेशक डॉ बाघमारे कृष्ण प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

