रिम्स निदेशक ने अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों की सुविधा बढ़ाने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
रिम्स निदेशक ने अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों की सुविधा बढ़ाने का दिया निर्देश


रांची, 10 जुलाई (हि.स.)। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डीके सिन्हा ने शुक्रवार को चिकित्सा अधीक्षक, अपर चिकित्सा अधीक्षक, प्रशासनिक पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ अस्पताल के विभिन्न विभागों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के साथ खास तौर पर मरीजों की सुविधएं बढाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिया। इस दौरान ओपीडी पंजीकरण काउंटर से ही ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की व्यवस्था का डेमो देखा गया।

निदेशक ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए इस प्रणाली को जल्द लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही सुझाव पेटी को उपयुक्त स्थान पर रखने को कहा। ओपीडी परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए बनाए गए आश्रय गृह का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिया गया।

वहीं ट्रॉमा सेंटर में मरीजों के आवागमन को आसान बनाने के लिए ट्रॉलियों की उपलब्धता की समीक्षा की गई और ट्रॉमा मॉर्च्युरी की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। निदेशक ने पेइंग वार्ड स्थित केंद्रीय सर्वर कक्ष और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का भी जायजा लिया। पुराने बीएसएनएल भवन का निरीक्षण कर कार्यालय को अस्थायी रूप से पेइंग वार्ड के भूतल पर स्थानांतरित करने और जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान कॉटेज परिसर की साफ-सफाई, रसोईघर में आरओ जल की गुणवत्ता की नियमित जांच एवं मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story