रिम्स को विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान बनाने का है संकल्प : इरफान अंसारी

WhatsApp Channel Join Now
रिम्स को विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान बनाने का है संकल्प : इरफान अंसारी


रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को कहा कि रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) को विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान बनाना सरकार का संकल्प है। इसी दिशा में गुरुवार को रिम्स में अत्याधुनिक बीएसएल-III माइक्रोबायोलॉजी लैब का उद्घाटन कर इसे राज्य की जनता को समर्पित किया गया। साथ ही ओपीडी-आईपीडी भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार कार्य का शिलान्यास भी किया गया।

मंत्री ने बताया कि 2.30 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत इस प्रयोगशाला का निर्माण किया गया है। यहां टीबी की कल्चर जांच और ड्रग सेंसिटिविटी टेस्ट की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (एमडीआर-टीबी) के मरीजों के उपचार में चिकित्सकों को मदद मिलेगी। आधुनिक बायोसेफ्टी तकनीक, हेपा फिल्ट्रेशन और नेगेटिव एयर प्रेशर सिस्टम से लैस यह प्रयोगशाला सुरक्षित जांच की सुविधा प्रदान करेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड के मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच और इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़े, यह उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए रिम्स में आधुनिक डायग्नोस्टिक्स, डिजिटल हेल्थ और नई चिकित्सा तकनीकों का विस्तार किया जाएगा।

रिम्स के निदेशक डॉ. दीपेंद्र सिन्हा ने कहा कि संस्थान को आधुनिक तकनीक और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। वहीं, अधीक्षक डॉ. हरेंद्र बिरुवा ने नई प्रयोगशाला को मरीजों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

ओपीडी-आईपीडी भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार की परियोजना को आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर कांके विधायक सुरेश बैठा, रिम्स निदेशक सहित संस्थान के अन्य अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story