चास में स्कूली छात्र के अपहरण की सूचना निकली झूठी

WhatsApp Channel Join Now
चास में स्कूली छात्र के अपहरण की सूचना निकली झूठी


बोकारो, 08 मई (हि.स.)। चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में स्कूली छात्र के कथित अपहरण की घटना जांच में झूठी निकली। छात्र ने देर से घर पहुंचने पर अभिभावकों की डांट से बचने के लिए अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी। इस संबंध में चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने शुक्रवार काे प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि चास मुफस्सिल थाना से महज 30-40 मीटर की दूरी पर काले रंग की स्कॉर्पियो सवार दो लोगों ने एक स्कूली छात्र के अपहरण का प्रयास किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्र के पिता संजीव सिन्हा के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना एवं छात्र से गहन पूछताछ में पता चला कि घटना के दिन छात्र स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद स्कूल बस से घर नहीं लौटकर अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-4 स्थित केएफसी में पार्टी करने चला गया था।

घर देर से पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। करीब दो घंटे बाद छात्र घर लौटा और डांट से बचने के लिए अपहरण की झूठी कहानी बता दी, ताकि शिक्षकों और परिजनों के बीच उसका विश्वास बना रहे।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्र के साथ अपहरण जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। एसडीपीओ ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और नियमित रूप से उनकी जानकारी लेने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story