एचईसी से हटाया जाए सीपीएफ ट्रस्ट : शनि

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी से हटाया जाए सीपीएफ ट्रस्ट : शनि


रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने एचईसी के सीपीएफ ट्रस्ट को हटाने की मांग की है। उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कर्मचारियों के वेतन से हर माह पीएफ की राशि काटी जाती है, लेकिन एचईसी प्रबंधन की ओर से राशि जमा नहीं किए जाने से 300 करोड़ रुपये बकाया हो गया है। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पीएफ राशि मिलने में परेशानी हो रही है।

शनि ने कहा कि सीपीएफ ट्रस्ट के माध्यम से पहले कर्मचारियों को बेटी की शादी और बच्चों की पढ़ाई के लिए रिफंडेबल और नॉन-रिफंडेबल ऋण मिलता था, लेकिन करीब एक वर्ष से ऋण मिलना बंद है। उन्होंने दावा किया कि सीपीएफ ट्रस्ट में उपमहाप्रबंधक रूही विजन के प्रभारी बनने के बाद अन्य सुविधाएं भी बंद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सीपीएफ सेक्शन में चार कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनका वेतन एचईसी देता है।

सुविधाएं बंद होने के बावजूद ट्रस्ट को बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है। शनि सिंह ने दावा किया कि उच्च पेंशन लागू होने पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वर्तमान करीब पांच हजार रुपये की तुलना में 25 हजार रुपये से अधिक पेंशन मिल सकता था। उन्होंने एचईसी के निदेशक उत्पादन बीएस गर्ग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयास से उत्पादन बढ़ा है और एचईसी को चलाने के लिए उनका बने रहना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story