झारखंड में गर्मी के बीच बारिश से राहत, 22 मई तक आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में गर्मी के बीच बारिश से राहत, 22 मई तक आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट


झारखंड में गर्मी के बीच बारिश से राहत, 22 मई तक आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट


रांची, 16 मई (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में इन दिनों दिनभर भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन शाम के समय हो रही बारिश से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज पिछले करीब 15 दिनों से बना हुआ है और मौसम विभाग के अनुसार पूरे मई माह तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया है कि 22 मई तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा 19 मई को राज्य के दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्यवर्ती जिलों में तेज गर्जन, बारिश और वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिमी मध्यवर्ती क्षेत्रों में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड समेत कई राज्यों में देखने को मिलेगा। इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश बोकारो जिले के नावाडीह में 39 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा खलारी में 37 मिमी, नीमडीह में 34.6 मिमी, चांडिल में 33.4 मिमी और रामगढ़ जिले के हिंदेगीर में 31.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं मसानजोर में 24.8 मिमी, जमशेदपुर में 24.4 मिमी, बड़कागांव में 16.5 मिमी, बोकारो में 11.5 मिमी और चंदवा में 10.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गढ़वा जिले में भी अच्छी बारिश हुई।

तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के कांके क्षेत्र में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप निकलने के कारण दोपहर में भीषण गर्मी और उमस महसूस की गई।

शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 39 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 33.1 डिग्री और न्यूनतम 23.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story