चोरी का आरोपित गिरफ्तार, चार लाख नकद और आभूषण बरामद

WhatsApp Channel Join Now
चोरी का आरोपित गिरफ्तार, चार लाख नकद और आभूषण बरामद


गोड्डा, 02 सितंबर (हि.स.)।

जिले के महागामा स्थित ईसीएल के आवासीय कॉलोनी उर्जानगर में 15/16 अगस्त की रात क्वार्टर में हुई चोरी की घटना का महागामा पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के घर से 4.50 लाख रुपये नकद, करीब 1.13 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 24.40 ग्राम सोने जैसे आभूषण बरामद किए हैं। चोरी में प्रयुक्त लोहे का छोटा सबल भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ महागामा के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर महागामा निवासी कन्हैया कुमार यादव उर्फ कन्हैया (26) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने उर्जानगर में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घर से चोरी का सामान बरामद किया गया।

थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि आरोपित का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह चोरी सहित तीन मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने चोरी की रकम का कुछ हिस्सा शराब और जुआ में खर्च करने की बात भी बताई है।

पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद मंडल कारा, गोड्डा भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की संलिप्तता की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

Share this story