विदेश में छिपे झारखंड के दो मोस्टवांटेड गैंगस्टरों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now
विदेश में छिपे झारखंड के दो मोस्टवांटेड गैंगस्टरों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी


रांची, 02 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में संगठित अपराध और रंगदारी के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई की है। राज्य के दो सबसे बड़े सिरदर्द बन चुके गैंगस्टरों राहुल सिंह और राहुल दुबे के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। आईजी अभियान नरेंद्र सिंह ने इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की है। ये दोनों अपराधी फिलहाल विदेशों में छिपे हैं और वहीं से डिजिटल माध्यमों के जरिए झारखंड में जबरन वसूली, धमकी और गोलाबारी का नेटवर्क ऑपरेट कर रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल सिंह और राहुल दुबे विदेश में सुरक्षित बैठकर स्थानीय गुर्गों, शूटरों और हथियार सप्लायरों को निर्देश देते थे। इनके निशाने पर मुख्य रूप से झारखंड के बड़े कारोबारी, कोयला व्यापारी, ठेकेदार और कंस्ट्रक्शन कंपनियां रहती हैं। रंगदारी (लेवी) नहीं देने पर ये अपराधी साइटों पर फायरिंग करवाकर दहशत फैलाते थे। सीधे तौर पर पुलिस की पहुंच से दूर होने के कारण ये अब तक बच रहे थे, लेकिन रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां इन्हें दबोचने में भारत की मदद करेंगी।

राहुल सिंह कभी झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के गिरोह का मुख्य सिपहसालार हुआ करता था। मार्च 2025 में पुलिस मुठभेड़ में अमन साहू के मारे जाने के बाद राहुल सिंह ने इस गिरोह की कमान अपने हाथों में ले लिया। वर्तमान में उसका नेटवर्क रांची, रामगढ़, पलामू, बोकारो, चतरा, हजारीबाग और लातेहार जैसे कई औद्योगिक और कोयलांचल जिलों में फैला हुआ है। इसके गुर्गे लगातार विकास कार्यों और आर्थिक गतिविधियों को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।

दूसरी ओर, राहुल दुबे का गिरोह भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। हाल ही में 29 अक्टूबर की रात हजारीबाग के मटवारी स्थित 'एके इंटरनेशनल होटल' पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इस घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे के नाम से पोस्ट डालकर जिम्मेदारी ली गई और होटल संचालक को धमकी दी गई। इसके जवाब में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 अक्टूबर को एक भीषण एनकाउंटर के बाद इस गिरोह के 05 शूटरों और मुख्य हथियार सप्लायर जियाउल हबीब को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771382 Articles

Share this story