राज्य सरकार का युवा विरोधी चेहरा अब आया सामने : देवेन्द्रनाथ

WhatsApp Channel Join Now
राज्य सरकार का युवा विरोधी चेहरा अब आया सामने : देवेन्द्रनाथ


रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा गुरुवार को जामताड़ा पहुंची।

यात्रा की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली से की गई थी। इसके तहत युवाओं ने विभिन्न स्थानों पर पदयात्रा कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग उठाई।

यात्रा के दौरान गिरिडीह कॉलेज, बेंगाबाद, गांधी चौक और मुरली पहाड़ी में कार्यक्रम हुए।

इसके बाद जामताड़ा जिले में सुभाष चौक से इंदिरा गांधी चौक तक पदयात्रा निकाली गई।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि सरकार का युवा विरोधी चेहरा अब सामने आ चुका है। उन्होंने परीक्षा विवाद से जुड़े मामलों में सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाईकोर्ट के समक्ष परीक्षा रद्द करने की मांग को मजबूती से नहीं रखना और सुप्रीम कोर्ट के सीबीआई जांच संबंधी नोटिस के जवाब को लेकर भी कई सवाल खड़े होते हैं।

महतो ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को स्पष्ट और ठोस कदम उठाना चाहिए।

यात्रा में मनोज यादव, खुशबू कुमारी, प्रेम नायक, प्रीति कुमारी, रितेश सिंह, राजेश प्रसाद, अमित कुमार और सुनील यादव सहित कई लोग मौजूद थे। यात्रा शुक्रवार को दुमका जिले में प्रवेश करेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और अभिभावक शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story