जेपीएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के लिए 24 से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
रांची, 21 अगस्त (हि.स.)।
जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत चलाए जानेवाले आंदोलन की रूपरेखा तय कर ली गई है। छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने शुक्रवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि जेपीएससी-जेएसएससी सहित अन्य भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग को लेकर अब चरणबद्ध तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।
इसके तहत आगामी 24 अगस्त 2026 से रामगढ़ के नेमरा गांव से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा शुरू होगी। यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों के प्रमुख स्थानों तक जाएगी। शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, पुस्तकालयों और छात्र समुदाय के बीच जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने 15 सितंबर 2026 को होने वाली न्यायालय की सुनवाई को आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। छात्र नेताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार उस दिन अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखेगी। देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि यदि छात्रों के हित में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। आगे मुख्यमंत्री आवास घेराव, अनिश्चितकालीन झारखंड बंद और आर्थिक नाकेबंदी जैसे कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी। प्रखंड और गांव स्तर तक लोगों को जोड़ने की भी रणनीति बनाई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

