राशन का उठाव न करने वाले कार्डधारियों का रद्द हो कार्ड : डीसी
रामगढ़, 14 मई (हि.स.)। जिले में राशन उठाओ नहीं करने वाले कार्डधारियों का कार्ड रद्द होगा। यह निर्देश डीसी ऋतुराज ने गुरुवार को जारी किया है। उन्होंने आपूर्ति विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पाे ने डीसी को पिछले बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई और वर्तमान प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने जिले में खाद्यान्न वितरण, डीलरों की स्थिति और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
डीसी ने नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए समीक्षा के क्रम में आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के
लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (बीएसओ) को प्रतिमाह अनिवार्य रूप से अपने-अपने क्षेत्र की पीडीएस दुकानों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। डीसी ने केवल दुकानों की ही नहीं, बल्कि गोदामों और पैक्स का भी नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने को कहा।
बैठक में डीलरों की संख्या और उनके आवंटन की समीक्षा की गई। डीसी ने खराब प्रदर्शन करने वाले और अनियमितता बरतने वाले पीडीएस संचालकों को चिन्हित कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उनका लाइसेंस रद्द करने का निर्देश दिया। योग्य लाभुकों को लाभ पहुंचाने के लिए डीसी ने एनएफएसए और जेएसएफएसएस के तहत मिलने वाले लाभों की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बेहतर मॉनीटरिंग करने का निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि वैसे कार्डधारी जो लंबे समय से राशन का उठाव नहीं कर रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी करें। साथ ही नोटिस के बाद भी सुधार न होने पर उनका कार्ड रद्द कर, प्रतीक्षा सूची में शामिल नए योग्य लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

