रैपिडो चालक से लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार
रांची, 28 जून (हि.स.)।
रांची के कोतवाली थाना पुलिस ने रैपिडो चालक से लूट की घटना का खुलासा करते हुए मामले में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 26 जून की रात करीब एक बजे बड़ा तालाब स्ट्रीट के पास लूट की वारदात हुई थी, जहां बदमाशों ने रैपिडो चालक जख्मी प्रताप कुमार उर्फ मुकेश (18) पर चाकू से हमला कर उसकी बाइक लूट ली थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई थी।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पवन कुमार मिश्रा और केशव सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई बाइक, घटना में प्रयुक्त स्टील का फोल्डिंग चाकू और एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित शातिर अपराधी हैं और इनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित पवन कुमार मिश्रा के खिलाफ रांची के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले पहले से दर्ज हैं।
वहीं आरोपित केशव सिंह के विरुद्ध भी सुखदेवनगर, रातू और कोतवाली सहित विभिन्न थानों में लूट, चोरी, पॉक्सो और अन्य संगीन धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

