प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर रणधीर ने की सुखेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक कीर्तिमान पर रणधीर ने की सुखेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा


देवघर, 10 जून (हि.स.)। सारठ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता और पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सर्वाधिक लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर हर्ष व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि 140 करोड़ देशवासियों के अटूट विश्वास, स्नेह और समर्थन का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। लगातार तीन बार देश का नेतृत्व करना और सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देना इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने स्वयं को जनता की आकांक्षाओं, आशाओं और अपेक्षाओं से निरंतर जोड़े रखा है।

इस अवसर पर बुधवार को रणधीर सिंह ने सारठ प्रखंड के सहरजोरी स्थित सुखेश्वर महादेव मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा सुखेश्वर महादेव से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सदैव ऊर्जावान, निरोगी और खुशहाल रहें और राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ मां भारती की सेवा का उनका यह अनवरत पुरुषार्थ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहे। पूर्व विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह ऐतिहासिक कार्यकाल देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रतीक है।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story