रांची विश्वविद्यालय का 67 वां स्थापना दिवस समारोह 10 जुलाई से

WhatsApp Channel Join Now
रांची विश्वविद्यालय का 67 वां स्थापना दिवस समारोह 10 जुलाई से


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय इस वर्ष अपनी स्थापना के 67 गौरवशाली वर्ष पूरा कर रहा है। वर्ष 1960 में स्थापित यह संस्थान कुलपति प्रो सरोज शर्मा के नेतृत्व में अपने इस स्थापना दिवस को तीन दिवसीय 10 से 12 जुलाई 2026 तक भव्य आयोजन के रूप में मनाएगा।

यह जानकारी रांची विश्वविद्यालय की पीआरओ डॉक्टर स्मृति सिंह ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की झलक देखने को मिलेगी। इसे लेकर विश्वविद्यालय ने समुचित रूपरेखा तैयार कर ली है।

10 जुलाई : उद्घाटन समारोह शुरू

10 जुलाई को आर्यभट्ट सभागार में स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया जायेगा। विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा को खूबसूरत कोरियोग्राफी मैं हूं रांची विश्वविद्यालय के माध्यम से प्रस्तुत किया जायेगा। इस दिन पुस्तक विमोचन और रांची विश्वविद्यालय के संस्कार एवं परंपरा पर कुलपति का उद्बोधन भी होगा।

11 जुलाई : कला दिवस

11 जुलाई को कला दिवस के रूप में मनाया जायेगा, जिसमें मुख्य अतिथियों की ओर से विमर्श और सोहराई कला पर चर्चा की जायेगी। साथ ही, विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक भवन की चारदीवारी पर परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट के छात्रों और शिक्षकों की ओर से सोहराई पेंटिंग बनायी जायेगी।

12 जुलाई : समापन समारोह

12 जुलाई को मुख्य अतिथियों के भाषण, पर्यावरण संरक्षण पर संदेश और एनएसएस विंग की ओर से प्रशासनिक परिसर में पौधारोपण एवं सम्मान समारोह के साथ तीनदिवसीय आयोजन का समापन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story