जिला स्तरीय स्पीक्स समारोह: प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर रांची-2 प्रखंड रहा अव्वल

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय स्पीक्स समारोह: प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर रांची-2 प्रखंड रहा अव्वल


रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। जिला शिक्षा अधीक्षक के तत्वावधान में शनिवार को जिला स्तरीय ‘रांची स्पीक्स कार्यक्रम का द्विवार्षिक समारोह सह प्रतियोगिता–2026’ का आयोजन संपन्न हुआ।

इस प्रतियोगिता में रांची जिले के सभी 20 प्रखंडों से चयनित 40 प्रतिभागियों और ऑनलाइन प्रतियोगिता के छह विजेताओं ने हिस्सा लिया।

पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल की ओर से निर्धारित मानदंडों के अनुरूप किए गए मूल्यांकन के आधार पर प्रतियोगिता के दोनों समूहों के परिणाम घोषित किए गए। इसमें रांची-2 प्रखंड के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अपने-अपने समूह में पसंद के विषय पर विचार एवं भाषण प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। बच्चों ने झारखंड एसआईआर, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत 2047, आजादी के 80 वर्ष, साइबर सुरक्षा सहित अनेक समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के ताैर पर स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह और विशिष्ट अतिथि के ताैर पर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उमाशंकर सिंह ने प्राथमिक वर्ग के विजेताओं को पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि शशि रंजन ने उच्च प्राथमिक वर्ग के विजेता और ऑनलाइन प्रतियोगिता के छह विजेताओं को सम्मानित किया।

वहीं प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल में वरीय शिक्षाविद् सीमा प्रसाद और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के सेवानिवृत्त पदाधिकारी संजीव कुमार तिवारी, यूनिसेफ प्रतिनिधि सरिता सिन्हा, शिक्षक ध्रुव कुमार पांडेय सहित अन्य शामिल थे।

मुख्य अतिथि उमाशंकर सिंह और विशिष्ट अतिथि शशि रंजन ने रांची स्पीक्स की पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों, आयोजन की गुणवत्ता बच्चों के आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल की सराहना की। उन्होंने इस अभिनव पहल को राज्य स्तर पर विस्तारित करने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने बताया कि सितंबर 2024 से निरंतर संचालित रांची स्पीक्स अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 112 विषयों पर बच्चों को अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से सरकारी विद्यालयों के बच्चों की प्रतिभा को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही सरकारी विद्यालयों के प्रति समाज में विश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर यूनिसेफ की झारखंड प्रमुख डॉ कनीनिका मित्रा, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक नीलम आयेलीन टोप्पो, जिला शिक्षा पदाधिकारी रांची वसीम अहमद, झारखंड अधिविद्य परिषद के सचिव सच्चिदानंद दिवेंदु तिग्गा और संयुक्त सचिव भूतनाथ रजवार जेसीईआरटी के उप निदेशक डॉ मनोरथ दहाल सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781179 Articles

Share this story