रांची दुष्कर्म मामला: भाजपा ने की पीड़िता के लिए सुरक्षा और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
रांची दुष्कर्म मामला: भाजपा ने की पीड़िता के लिए सुरक्षा और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग


रांची दुष्कर्म मामला: भाजपा ने की पीड़िता के लिए सुरक्षा और फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग


रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)। रांची के लालपुर क्षेत्र में एक हिंदू युवती के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने आर्किड अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की और उसे हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अजय साह ने बताया कि पीड़िता इस समय बेहद डरी-सहमी और मानसिक रूप से आहत स्थिति में है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता और उसकी सहेली, जो उसकी मदद कर रही है, को लगातार धमकियां दी जा रही हैं और केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपित दानिश के परिजन और उसके सहयोगी पीड़िता का पीछा कर रहे हैं और विभिन्न तरीकों से दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़िता को तत्काल कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि वह बिना भय के न्याय की लड़ाई लड़ सके।

अजय साह ने घटना को अत्यंत गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि नशीला पदार्थ देकर इस अपराध को अंजाम दिया गया, जो कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मुख्य आरोपित दानिश के साथ-साथ संदिग्ध भूमिका वाले अन्य आरोपितों सदाब और फबाद की भी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित के परिजन मामले को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं और पैसे के दम पर इसे दबाने की बात कर रहे हैं। ऐसे में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

भाजपा ने इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है, ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही, पीड़ित क्षतिपूर्ति कोष (विक्टिम कॉम्पेंसेशन फंड) का 25 प्रतिशत हिस्सा तत्काल देने की भी मांग उठाई गई है, जिससे पीड़िता को आर्थिक और मानसिक सहायता मिल सके।

इस दौरान अजय साह ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर भी निशाना साधते हुए उनके बयान को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और यदि मामले को दबाने की कोशिश की गई, तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और अशोक बड़ाईक भी मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story