डीसी ने दिया दुर्गापूजा के तोरण द्वार तत्काल हटाने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने दिया दुर्गापूजा के तोरण द्वार तत्काल हटाने का निर्देश


रांची, 24 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा समाप्त होने के बाद भी शहर की सड़कों पर लगे तोरण द्वारों और बांस की अस्थायी संरचनाओं को नहीं हटाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को सभी संबंधित पूजा समितियों से इन्हें अविलंब हटाने और सड़कों को आवागमन के लिए बाधामुक्त बनाने की अपील की है।

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन के दिन ही सभी तोरण द्वारों और अस्थायी संरचनाओं को हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद रांची के कई स्थानों पर सड़क के बीच बांस से बनी संरचनाएं अब भी मौजूद हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन की ओर से यह भी बताया कि कई जगहों पर सड़कों पर लोहे की कीलें और अन्य सामग्री बिखरी हुई हैं। इनके कारण वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। निर्देशों के अनुपालन की निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, रांची, ट्रैफिक पुलिस और रांची नगर निगम करेंगे। उपायुक्त ने पूजा समितियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लगे तोरण द्वार, बांस की संरचनाएं और अन्य अवशेष तत्काल हटाने को कहा है, ताकि यातायात सुचारु रहे और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story