शालीमार मैदान में रावण दहन की तैयारियों का नगर निगम के अधिकारियों ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
शालीमार मैदान में रावण दहन की तैयारियों का नगर निगम के अधिकारियों ने लिया जायजा


- रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतलों के साथ होगी आकर्षक आतिशबाजी

रांची, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची के शालीमार मैदान में आयोजित होने वाले रावण दहन समारोह की तैयारियों का सोमवार को रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव, प्रशासक संजय कुमार और अन्य पदाधिकारियों ने जायजा लिया। इस दौरान रावण दहन समारोह समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क मरम्मत, शौचालय, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

समिति की ओर से इस संबंध में प्रशासन को मांग पत्र भी सौंपा गया। इसमें लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

इस अवसर पर नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि दुर्गा पूजा और रावण दहन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निगम प्रशासन हरसंभव सहयोग कर रहा है। स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं। मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाबों के उपयोग को प्राथमिकता दी जा रही है।

समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने बताया कि शालीमार मैदान का रावण दहन समारोह रांची के प्रमुख आयोजनों में शामिल है। इस वर्ष रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही आकर्षक आतिशबाजी भी होगी। उन्होंने कहा कि समिति श्रद्धालुओं की सुविधा और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

मौके पर नगर निगम की टीम के अलावा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे, अध्यक्ष संजीत, मुख्य संयोजक अभिषेक साहू, कार्यकारी अध्यक्ष मेहुल दूबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।--------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759482 Articles

Share this story