झारखंड में शीतलहर का असर, कांके सबसे ठंडा, न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में शीतलहर का असर, कांके सबसे ठंडा, न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस


रांची, 28 दिसंबर (हि.स.)। झारखंड में जारी शीतलहर के बीच रविवार को राजधानी रांची से सटे कांके को राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रिकॉर्ड किया गया। कांके में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। इसकी जानकारी मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने दी।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि राज्यभर में शीतलहर के प्रभाव के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है और सुबह व रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। हालांकि, राहत की संभावना जताते हुए उन्होंने कहा कि मंगलवार से राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है।

पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके में 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 24.3 डिग्री और न्यूनतम 10.5 डिग्री, डालटेनगंज में 24.8 और 6.1 डिग्री, बोकारो में 20.5 और 6.6 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से ठंड को देखते हुए सतर्क रहने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और विशेष रूप से बुजुर्गों व बच्चों का ध्यान रखने की अपील की है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story