अग्नि सुरक्षा को लेकर सदर अस्पताल में किया गया मॉक ड्रिल
रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। सदर अस्पताल रांची में मंगलवार को अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान फायर अलार्म और आपातकालीन सूचना प्रणाली के उपयोग, अग्निशमन यंत्र चलाने एवं आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही गंभीर और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास कराया गया।
स्वास्थ्यकर्मियों को आपातकालीन निकास द्वार, सुरक्षित निकासी मार्ग और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर पदाधिकारी कर्मिनयों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उददेश्य अस्पताल में आग लगने जैसी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई किए जाने, अग्निशमन व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित करना था। इस अभ्यास में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल कर्मियों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया।
उन्हें आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने और मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग झारखंड एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की ओर से अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और दवा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से अस्पताल कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने का संदेश दिया गया।
मौके पर कई लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

