हर घर तिरंगा अभियान के तहत रांची मंडल ने निकाली तिरंगा यात्रा
रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। रांची रेल मंडल की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई।
तिरंगा यात्रा में मंडल के शाखा अधिकारी और कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, हटिया के परिसर से शुरू होकर हटिया रेलवे स्टेशन, सेरसा हॉकी स्टेडियम एवं रेलवे कॉलोनी, हटिया से होते हुए पुनः मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में संपन्न हुई।
हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य आम लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना और देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया गया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और एकजुटता का प्रदर्शन किया गया।
तिरंगा यात्रा के समापन के बाद हर घर तिरंगा अभियान 2026 में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मियों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर अभियान के प्रति अपना उत्साह व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) साकेत कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक लक्ष्मण कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार सहित अन्य शाखा अधिकारी, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

