रांची में 95.17 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन पूरा : उपायुक्त
रांची, 19 नवंबर (हि.स.)।
विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत रांची जिले में ड्राफ्ट मतदाता सूची के 95.17 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। कुल 19,79,987 मतदाताओं में से 18,84,249 को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए सुरक्षित किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने 30 नवंबर 2026 तक दावा-आपत्ति से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई पूरी करने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त की अध्यक्षता में गुरूवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। उपायुक्त ने मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने कहा कि कम फॉर्म-6 प्राप्त होने वाले मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी, पात्र नागरिकों को जागरूक करने और बीएलओ के माध्यम से घर-घर सत्यापन में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य त्रुटिरहित पूरा करने को कहा गया, ताकि कोई योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि विधानसभा क्षेत्रवार प्रदर्शन में तमाड़ 98.32 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा। यहां 1,87,014 में से 1,83,879 मतदाता सुरक्षित किए गए हैं। सिल्ली में 1,95,803 में से 1,90,605 (97.35 प्रतिशत) और माण्डर में 3,28,691 में से 3,19,129 (97.09 प्रतिशत) मतदाता सुरक्षित हैं। खिजरी में 95.28, कांके में 95.12, हटिया में 92.72 और रांची विधानसभा क्षेत्र में 91.99 प्रतिशत मतदाता सुरक्षित किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

