रांची सिटीजन फोरम ने 47 वार्ड पार्षदों से की मुलाकात, मानदेय और विकास कार्यों में देरी पर जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now
रांची सिटीजन फोरम ने 47 वार्ड पार्षदों से की मुलाकात, मानदेय और विकास कार्यों में देरी पर जताई चिंता


रांची, 05 जुलाई (हि.स.)। रांची सिटीजन फोरम ने नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति जानने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘वार्ड पार्षद मुलाकात अभियान’ के तहत रविवार तक नगर निगम के 53 में से 47 वार्ड पार्षदों से उनके-अपने वार्डों में मुलाकात की। फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पार्षदों को अंगवस्त्र भेंट कर निर्वाचित होने की शुभकामनाएं दीं तथा विभिन्न नागरिक समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।

अभियान के दौरान वार्ड पार्षदों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि फंड की कमी के कारण वार्डों में कई विकास योजनाओं को स्वीकृति नहीं मिल पा रही है, जिससे आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

पार्षदों के अनुसार, वित्तीय संसाधनों के अभाव में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नालियों की सफाई, जलजमाव की समस्या का समाधान, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा अन्य छोटे विकास कार्य समय पर शुरू नहीं हो पा रहे हैं। इसका असर आम नागरिकों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं पर भी पड़ रहा है।

फोरम के अध्यक्ष दीपेश निराला ने कहा कि झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 का समुचित अनुपालन नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में वार्ड समिति, क्षेत्रीय समिति, विषय समिति तथा नगरपालिका लोकपाल जैसी वैधानिक व्यवस्थाओं का अब तक गठन नहीं किया गया है। उनके अनुसार इन समितियों के गठन से स्थानीय समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाई जा सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम की वित्तीय स्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि निगम को होल्डिंग टैक्स, यूजर चार्ज, पार्किंग शुल्क, बस एवं ऑटो स्टैंड शुल्क, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क सहित अन्य स्रोतों से नियमित राजस्व प्राप्त होता है। फोरम ने विकास कार्यों के लिए धन की कमी के कारणों को स्पष्ट करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

वार्ड पार्षदों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मानदेय भुगतान, विकास योजनाओं के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराने तथा अन्य प्रशासनिक मुद्दों को नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

कार्यक्रम में फोरम की सचिव रेणुका तिवारी, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी, उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, कुमार अभिषेक दुबे, सुजीत कुमार पांडेय, रविंद्र मेहता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story