रामनवमी में राममय हुई रांची, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर

WhatsApp Channel Join Now
रामनवमी में राममय हुई रांची, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर


रामनवमी में राममय हुई रांची, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर


रामनवमी में राममय हुई रांची, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर


रामनवमी में राममय हुई रांची, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर


रामनवमी में राममय हुई रांची, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर


रांची, 27 मार्च (हि.स.)।

रामनवमी के अवसर पर राजधानी रांची पूरी तरह राममय हो उठी । रांची में रामनवमी को लेकर शुक्रवार को लोगों में गजब का उत्साह और उमंग नजर आ रहा है। शहर का हर कोना भक्ति और आस्था के रंग में रंगा है। क्या आम और क्या खास, हर कोई इस पावन अवसर पर अपने-अपने अंदाज में भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा व्यक्त कर रहा है। सड़कों पर निकले जुलूस, अखाड़ों की प्रस्तुति और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।

रामनवमी जुलूस में कई वीआईपी चेहरे भी आम लोगों के बीच नजर आए। इसी कड़ी में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी रांची के रामनवमी जुलूस में शामिल हुए। अल्बर्ट एक्का चौक के समीप उनका जोश और उत्साह देखने लायक था। हाथों में तलवार लिए उन्होंने पारंपरिक अंदाज में तलवारबाजी कर रामभक्तों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने जय श्रीराम के नारे लगाए और वहां मौजूद लोगों ने भी पूरे जोश के साथ उनका साथ दिया।

सेठ ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ इस पर्व को मनाने की अपील की।

उनके इस अंदाज ने वहां मौजूद लोगों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी रामनवमी के जुलूस में शामिल हुए। वे भी पूरे उत्साह के साथ अखाड़े के बीच पहुंचे और लाठी भांजा। उनका यह अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। बाबूलाल मरांडी ने भी जय श्रीराम के नारों के साथ लोगों का उत्साह बढ़ाया और प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

मौके पर बाबूलाल ने कहा कि यह पर्व हमें एकता, संस्कृति और परंपरा से जोड़ता है, जिसे हमें मिलकर आगे बढ़ाना चाहिए।

रांची शहर के पिस्का मोड़, रातू रोड चौक, हरमू रोड, अरगोड़ा चौक, मेन रोड, कोकर , लालपुर, मोरहाबादी, बूटी मोड़, धुर्वा सहित विभिन्न इलाकों से निकला अखाड़ाधारियों का जुलूस भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल बना रहा है।

पारंपरिक भगवा वेशभूषा में सजे रामभक्तों के हाथों में तलवार, भाला सहित पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र नजर आ रहे हैं। जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं, जो नाचते-गाते और जय श्रीराम के नारों के साथ माहौल को भक्तिमय बना रही हैं।

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया जा रहा है। उन्हें भगवा पगड़ी, फूल-मालाएं और जुलूस में पुष्प वर्षा किए जा रहे हैं।

अल्बर्ट एक्का चौक बना स्वागत का केंद्र अल्बर्ट एक्का चौक पर दर्जनों स्वागत शिविर लगाए गए, जहां महावीर मंडल, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, मंत्री, विधायक और सांसदों ने जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत कर रहे हैं।

इसके पहले सभी जुलूस महावीर चौक की ओर से गुजरे जहां श्री राम श्रृंगार समिति की ओर से भव्य स्वागत की व्यवस्था की गई है। श्री रामनवमी महावीर समिति का जुलूस सबसे आगे बढ़ा, जो शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा, जहां पर जोरदार स्वागत किया जा रहा है। डीजे की धुन भी बजते रहे।

रामनवमी शोभायात्रा का समापन निवारणपुर स्थित तपोवन मंदिर में होगा। महावीर चौक से प्रारंभ होकर गांधी चौक और मेन रोड होते हुए गुजरने वाले इन जुलूसों में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्ति, उल्लास और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

अल्बर्ट एक्का चोक पर करीब 101 फीट ऊंची तीन रंगों वाली नारंगी, सफेद और हरा रंग का झंडा लहराया गया।

चंद्र शेखर दुर्गा पूजा समिति की ओर से बुलाए गए लखनऊ के कलाकार शामिल हुए। इस दौरान शिव तांडव का मंचन किया गया जो काफी आकर्षक और श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जुलूस के ठीक पहले और जुलूस के बीच मे मौसम ने भी अंगड़ाई ले ली है। राजधानी में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गयी है। इससे लोग जहां-तहां शरण लेकर फंस गये हैं। फिर भी राम भक्तों का जोश कम नहीं हो रहा है। झंडे के साथ लोग तपोवन मंदिर से लौटकर अपने अपने मुहल्ले जा रहे हैं।

वहीं, शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

एसपी राकेश रंजन ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से शहर में रामनवमी का पर्व मनाया जा रहा है। कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story