एचईसी के श्रमिक नेता राणाप्रताप सिंह बने इंटक की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य
रांची, 24 अप्रैल (हि.स.)। हेवी इंजीनियर्स कॉरपोरेशन क्षेत्र के वरिष्ठ श्रमिक नेता राणाप्रताप सिंह को भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इस नियुक्ति के बाद एचईसी क्षेत्र और श्रमिक संगठनों में खुशी का माहौल है।
यह जानकारी हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि यह नियुक्ति इंटक के केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय के तहत की गई है, जिसके तहत राणाप्रताप सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा।
लीलाधर सिंह ने राणाप्रताप सिंह को इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह निर्णय संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही श्रमिकों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने में भी मदद करेगा। उन्होंने कहा कि राणाप्रताप सिंह लंबे समय से श्रमिक हितों के लिए संघर्ष करते रहे हैं और उनकी सक्रिय भूमिका का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर भी मिलेगा।
उन्होंने इस नियुक्ति के लिए डॉ. संजीव रेड्डी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और समर्थन से यह संभव हो सका। उन्होंने उम्मीद जताई कि राणाप्रताप सिंह अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
इस अवसर पर हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इंटक के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। यूनियन पदाधिकारियों ने राणाप्रताप सिंह के सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनकी नियुक्ति से श्रमिक हितों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

