मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में रामगढ़ जिला पूरे राज्य में प्रथम, कई श्रेणियों में मिला सम्मान
रामगढ़, 24 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत पूरे राज्य में रामगढ़ जिले ने पहला स्थान प्राप्त कर नई उपलब्धि हासिल की है। शुक्रवार को खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में रामगढ़ जिले को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा सिंह ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।
यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है और पंचायत स्तर पर किए गए सशक्त, प्रभावी एवं जनहितकारी कार्यों का प्रतिफल है। इस अवसर पर रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने जिले को मिले इन सम्मानों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने पूर्व उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, डीडीसी आशीष अग्रवाल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह सहित सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के समर्पण, बेहतर समन्वय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।
दरअसल, वर्ष 2024-25 के दौरान रामगढ़ जिले में पंचायत स्तर पर कई उल्लेखनीय कार्य किए गए, जिसके आधार पर जिले को यह सम्मान प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट जिला परिषद श्रेणी में जिले को प्रथम स्थान मिला।
इसके अलावा उत्कृष्ट पंचायत समिति श्रेणी में दुलमी पंचायत समिति को पहला स्थान प्राप्त हुआ, जबकि स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति श्रेणी में गोला पंचायत समिति ने प्रथम स्थान हासिल किया।
श्रेष्ठ ग्राम सभा श्रेणी में पतरातू (कंडेर) को 31वां स्थान और इचातु (दुलमी) को 32वां स्थान मिला। वहीं स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत श्रेणी में कोराम्बे (गोला) को 17वां स्थान तथा उत्कृष्ट ग्राम पंचायत श्रेणी में बरियातू (गोला) को चौथा स्थान प्राप्त हुआ।
रामगढ़ जिले की इस सफलता को पंचायत सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे जिले के अन्य पंचायत क्षेत्रों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

