रामगढ़ पुलिस को मिले 20 नए पेट्रोलिंग वाहन, अपराध नियंत्रण होगा मजबूत
रामगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। राज्य सरकार के पुलिस आधुनिकीकरण अभियान के तहत रामगढ़ पुलिस को विधि-व्यवस्था और गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए द्वितीय चरण में 20 नए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। मंगलवार को डीसी ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुणायत एवं डीडीसी आशीष अग्रवाल ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस मुख्यालय की ओर से पुलिस बल के आधुनिकीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं संसाधनों के उन्नयन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत ये वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे जिले में पुलिस गश्ती, अपराध नियंत्रण और आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि इससे पूर्व प्रथम चरण में रामगढ़ पुलिस को 13 पेट्रोलिंग वाहन और 19 दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए थे। अब द्वितीय चरण में 20 नए पेट्रोलिंग वाहन, एक कैदी वाहन और बड़ा 709 मिलने से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और सक्रियता और अधिक बढ़ेगी।
एसपी ने बताया कि इन वाहनों का उपयोग नियमित और प्रभावी गश्ती, एंटी-क्राइम चेकिंग, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, अपराध की रोकथाम एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता के लिए किया जाएगा। साथ ही डायल-112 के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर पुलिस की प्रतिक्रिया को और तेज किया जा सकेगा।
नए वाहनों के उपलब्ध होने से पुलिस की दृश्यता बढ़ेगी और आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी। रामगढ़ पुलिस के अनुसार, ये वाहन जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक, प्रभावी एवं त्वरित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

