जन समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जन समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश


रामगढ़, 19 जून (हि.स.)। रामगढ़ डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से संवेदनशीलता के साथ बारी-बारी मुलाकात की। उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। सभी आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मामलों के निष्पादन के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनता दरबार में मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं से संबंधित समस्याएं, अबुआ आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना से जुड़ी शिकायतें, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज एवं दखल दिहानी के मामले, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण सहित अन्य जन समस्याएं सामने आईं।

प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story