रामगढ़ डीसी सहित कई अधिकारियों ने की स्व-गणना

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ डीसी सहित कई अधिकारियों ने की स्व-गणना


रामगढ़, 06 मई (हि.स.)। भारत की जनगणना-2027 के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बुधवार को डीसी ऋतुराज, अपर समाहर्ता कुमारी गीतांजलि सहित अन्य अधिकारियों ने स्व-गणना की प्रक्रिया को पूर्ण किया। इस अवसर पर डीसी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है जिसके माध्यम से देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का सटीक आंकलन किया जाता है। उन्होंने बताया कि सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा नागरिकों को स्वयं अपने परिवार से संबंधित जानकारी ऑनलाइन माध्यम से दर्ज करने का अवसर प्रदान करती है जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनती है।

डीसी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे भी आगे आकर सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह न केवल प्रशासन के कार्य को सुगम बनाएगा, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सही जानकारी दर्ज होने से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी।

डीसी ने कहा कि आमजनों को आवश्यक तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए। जिला प्रशासन ने भी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी की भागीदारी सुनिश्चित होना आवश्यक है। ताकि सटीक आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story