रामगढ़ काॅलेज में संविधान दिवस पर छात्रों ने ली संवैधानिक आदर्शों पर चलने की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ काॅलेज में संविधान दिवस पर छात्रों ने ली संवैधानिक आदर्शों पर चलने की शपथ


रामगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ कॉलेज में गुरुवार को राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में संविधान की विशेषताओं, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसके आदर्शों पर चलने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डॉ बिमल कुमार मिश्रा ने डॉ भीमराव आंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की सबसे बड़ी खूबी उसका संशोधनीय होना है। बदलती परिस्थितियों और समय की आवश्यकताओं के अनुरूप संविधान में संशोधन का प्रावधान है। यही विशेषता संविधान को प्रासंगिक बनाए रखती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ कर्तव्यों के पालन के प्रति भी निष्ठावान होना चाहिए। संबोधन के बाद उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को संविधान के प्रति निष्ठा और उसके आदर्शों पर चलने की शपथ दिलाई।

राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. बलवंती मिंज ने कहा कि संविधान दिवस पर हमें संविधान की गरिमा बनाए रखने और उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।

उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ शाहनवाज खान ने कहा कि भारतीय संविधान में राज्य के नीति-निदेशक तत्वों के माध्यम से कल्याणकारी राज्य की परिकल्पना की गई है। इसी संवैधानिक भावना के अनुरूप समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को आरक्षण जैसी सुविधाएं देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ बलवंती मिंज ने की। इस अवसर पर डॉ कामना राय, रोज उरांव, प्रकाश वर्मा, सुरेश महतो, भुनेश्वर राम, शिवानंद, पुष्पा महतो, बबीता कुमारी, दीपाश्री, पंचम महतो, गौरव प्रधान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783867 Articles

Share this story