रामगढ़ में झांकी समितियों का सम्मान
रामगढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ में शुक्रवार को मां विंध्यवासिनी दुर्गा मंदिर, सुभाष चौक परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री श्री रामनवमी पूजा महासमिति द्वारा शहर में रामनवमी के दौरान चलंत एवं स्थाई झांकी प्रस्तुत करने वाली विभिन्न समितियों को सम्मानित किया गया।
महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता के संदेश को अत्यंत जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए झांकी समितियों के पदाधिकारियों और कलाकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सभी झांकी समितियों, कलाकारों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से ही रामनवमी महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हो पाता है।
कार्यक्रम का संचालन नितेश मोदी ने किया। इस मौके पर समिति के संरक्षक प्रोफेसर संजय सिंह, रंजन फौजी, दीपक मिश्रा, मधु गुप्ता, नूतन ठाकुर, सुरेंद्र महतो, तुलेश्वर पासवान, महासचिव ब्रजेश पाठक, उपाध्यक्ष अमित ठाकुर, मंटू कुशवाहा, सुजीत सोनकर, कारू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

