झारखंड के गुड़ाबांदा में 37 मिमी बारिश दर्ज, 21 मार्च तक येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के गुड़ाबांदा में 37 मिमी बारिश दर्ज, 21 मार्च तक येलो अलर्ट


रांची, 17 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले तीन-चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई स्थानों पर बादल, गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक वर्षा पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा में 37.2 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा बोड़ाम में 28.2 मिमी, मुसाबनी में 12.8 मिमी, बहरागोड़ा में 12.6 मिमी, मझगांव में 9.6 मिमी, रांची में 4.8 मिमी, जमशेदपुर में 2.8 मिमी और गोविंदपुर में 4.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने 21 मार्च तक राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 38 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान खूंटी में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे, जबकि दोपहर बाद काले और घने बादलों के साथ तेज हवाएं चलीं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया।

तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 35.3 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम डिग्री 38 और न्यूनतम 19.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.8 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story