झारखंड के 20 जिलों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के 20 जिलों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार


झारखंड के 20 जिलों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार


रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के 20 जिलों में मंगलवार को हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह पूर्वानुमान जारी किया।

विभाग के अनुसार, मंगलवार को राज्य के दक्षिणी, मध्यवर्ती और उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी हिस्से के गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में बारिश की संभावना नहीं है। इन चार जिलों को छोड़कर शेष सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 58.8 मिलीमीटर बारिश दुमका जिले के मसानजोर में दर्ज की गई। इस दौरान चाईबासा में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में सबसे कम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह हल्का कुहासा छाया रहा। बाद में धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद फिर काले बादल छा गए और ठंड महसूस की गई। पिछले तीन-चार दिनों से रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में हो रही बारिश के कारण ठंड में बढ़ोतरी हुई है। इससे आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।

सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम 20.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 25.7 और न्यूनतम 21.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 और न्यूनतम 21.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31 और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781755 Articles

Share this story