रांची समेत कई इलाकों में बारिश, गर्मी मिली राहत, 25 जून तक हल्की वर्षा और वज्रपात की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
रांची समेत कई इलाकों में बारिश, गर्मी मिली राहत, 25 जून तक हल्की वर्षा और वज्रपात की संभावना


रांची, 19 जून (हि.स.)। राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार को हुई बारिश से लोगों को पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक रुक-रुक कर हुई वर्षा के कारण मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 55 मिलीमीटर बारिश रांची के नामकुम क्षेत्र में दर्ज की गई। वहीं राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान नामकुम में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उल्लेखनीय है कि 12 जून को झारखंड में मानसून के प्रवेश के बाद से रांची को छोड़कर अधिकांश जिलों में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है। मानसून की कमजोर सक्रियता के कारण राज्य के कई हिस्सों में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि शुक्रवार को हुई बारिश ने राजधानी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई है।

मौसम विभाग ने फिलहाल राज्यभर में व्यापक और भारी वर्षा की संभावना से इनकार किया है। विभाग के अनुसार 25 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय मूसलाधार बारिश हुई, जबकि दोपहर बाद भी कई स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में कमी आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार रांची में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 42 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 38.1 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि व्यापक और संतोषजनक बारिश के लिए लोगों को अभी कुछ और दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है। विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story