राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत छापेमारी में दुकानदारों से वसूला गया जुर्माना
देवघर, 26 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा एक्ट के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रिखिया रंगमोड़ रोड स्थित कई राशन और पान दुकानों में प्रशासन की ओर से छापेमारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद संबंधित दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान पाया गया कि कई दुकानदार खुलेआम खुला खैनी बेच रहे थे, जबकि नियमानुसार तंबाकू उत्पाद केवल बंद पैकेट में ही बेचे जाने चाहिए। साथ ही पैकेट के 85 प्रतिशत हिस्से पर तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान संबंधी चेतावनी अंकित होना अनिवार्य है।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी डॉ शरद कुमार ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि सरकार की ओर से जारी सभी मानकों का पालन करते हुए ही तंबाकू उत्पादों की बिक्री करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बार-बार नियमों का उल्लंघन किया गया तो जुर्माने के साथ तंबाकू उत्पादों की जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी तंबाकू पदार्थों का सेवन नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत में मुंह के कैंसर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और तंबाकू इसका प्रमुख कारण है। यह एक घातक और जानलेवा बीमारी है।
छापेमारी अभियान में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला परामर्शी अभिमन्यु कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने दुकानदारों को अभियान और नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान रिखिया थाना की गश्ती दल भी मौजूद रही। डॉ शरद कुमार ने बताया कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी आगे लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पुलिस बल की उपलब्धता आवश्यक है, जिसे लेकर वे जल्द ही जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

