राधा गोविंद विश्वविद्यालय ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली
रामगढ़, 21 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव को लेकर राधा गोविंद विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वाधान में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत चेटर और गोसा पंचायत में निकाली गई।
रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर पहले मतदान, फिर जलपान और मजबूत लोकतंत्र की पहचान सभी करें मतदान जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान नागरिकों को मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जांचने, बैलेट पेपर के उपयोग तथा निष्पक्ष मतदान के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
मौके पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बीएन साह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास की दिशा तय करते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

