श्रीनिवास स्वामी का शव पोस्टमार्टम के बाद बलिया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
श्रीनिवास स्वामी का शव पोस्टमार्टम के बाद बलिया रवाना


चतरा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। इटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर परिसर की कीर्तन मंडली के पुजारी स्वामी श्रीनिवास आचार्य उर्फ अमन द्विवेदी के असामयिक निधन से इटखोरी क्षेत्र में शोक की लहर है। शुक्रवार को मंदिर परिसर स्थित एक कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। सूचना के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटखोरी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने शुक्रवार देर शाम जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

स्वामी श्रीनिवास आचार्य पिछले करीब 10 वर्षों से मां भद्रकाली मंदिर परिसर, कीर्तन मंडली और विभिन्न धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। उन्होंने धार्मिक सेवा और भक्ति कार्यों में अपना जीवन समर्पित कर रखा था। उनके निधन से मंदिर परिसर से जुड़े श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है।

घटना के बाद इटखोरी पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शनिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेजा गया। जहां परिजनों एवं अभिभावकों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन पार्थिव शरीर को लेकर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के भरौली स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story