रांची में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम, 70 मामलों का निपटारा
रांची, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के विभिन्न थाना और ओपी में शुक्रवार को जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और कई मामलों का तत्काल निपटारा किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर नगर एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, यातायात एसपी राकेश सिंह, सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने निर्धारित थाना क्षेत्रों में मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनीं। पुलिस के अनुसार, जिले के अलग-अलग थानों में करीब 110 शिकायत और आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 70 मामलों का त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन निपटारा कर दिया गया।
वहीं, कुछ संवेदनशील मामलों में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि बाकी शिकायतों की भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से जांच की जा रही है। शिकायतों के आधार पर संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका तेजी से समाधान करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

