एयरपोर्ट पार्किंग से ऑटो संचालन का ऑटो चालकों ने किया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
एयरपोर्ट पार्किंग से ऑटो संचालन का ऑटो चालकों ने किया विरोध


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से ऑटो संचालन करने वाले ऑटो चालकों ने मंगलवार को एयरपोर्ट मैदान में बैठक कर पार्किंग से ऑटो परिचालन पर रोक लगाए जाने का विरोध किया।

इसके साथ ही सर्वसम्मपति से निर्णय लिया गया कि 29 जुलाई को एयरपोर्ट निदेशक और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर लिखित आवेदन सौंपा जाएगा। ऑटो चालक और ऑटो मालिकों ने कहा कि वे पार्किंग और परिचालन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन से सकारात्मक वार्ता करेंगे।

बैठक की अध्यक्षता ऑटो चालक-मालिक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने की।

बैठक में चालकों ने आरोप लगाया कि करीब 30 वर्षों से वे एयरपोर्ट से यात्रियों को सेवा दे रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों की ओर से उन्हें पार्किंग में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।

बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश कोषाध्यक्ष भोला सिंह ने कहा कि पार्किंग से ऑटो हटाए जाने के बावजूद निजी (व्हाइट नंबर) वाहनों से यात्रियों का परिवहन किया जा रहा है। इससे लंबे समय से एयरपोर्ट से जुड़े ऑटो चालकों की आजीविका प्रभावित हो रही है और उनके परिवार के भरण-पोषण पर संकट खड़ा हो गया है।

बैठक में महासंघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष भोला सिंह, सलाहकार मंत्री अमर मुंडा, महेश सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story