जमीन विवाद में एक गंभीर रूप से घायल, तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

दुमका, 04 अक्टूबर (हि.स.)। दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बेलटीकरी गांव में जमीन और निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दिए आवेदन में बेलटीकरी निवासी अनिल कुमार महतो ने बताया कि एक अक्टूबर को उनके घर के सामने सीमेंट की बनी कुर्सी को तोड़ने के लिए उनके भाई वीरेंद्र महतो कुदाल लेकर पहुंचे थे। विरोध करने पर वीरेंद्र महतो, उनके पुत्र गुलशन कुमार उर्फ बादल और साविता देवी ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि वीरेंद्र महतो ने कुदाल से सिर पर वार किया। बचाव के दौरान कुदाल उनकी दाहिनी आंख के ऊपर सिर में लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

आवेदन में कहा गया है कि जमीन पर गिरने के बाद आरोपितों ने उनके साथ मारपीट जारी रखी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बड़े बेटे सुमन कुमार महतो के साथ भी मारपीट की गई और उसके गले से चांदी की चेन छीन लेने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर हंसडीहा थाना में मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की साविता देवी ने भी थाना में लिखित आवेदन देकर अनिल महतो, सुमन महतो, दुलारी देवी, विनिता देवी और सपना कुमारी पर मारपीट सहित कई गंभीर आरोप लगाया है।

साविता देवीके आवेदन में कहा गया है कि जमीन बंटवारे में उनके हिस्से की जमीन अधिक रख ली गई है और विवादित भूमि पर जबरन प्लास्टर का काम कराया जा रहा था। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उनके और उनके पति वीरेंद्र महतो के साथ मारपीट की गई। जिससे उसके पति घायल हो गए।

थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि मामले में रविवार को एक पक्ष की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दूसरे पक्ष से भी आवेदन प्राप्त हुआ है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story