नीट-पीजी परीक्षा के लिए रांची में चार केंद्र, 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा

WhatsApp Channel Join Now
नीट-पीजी परीक्षा के लिए रांची में चार केंद्र, 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा


रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। नीट-पीजी-2026 परीक्षा 30 अगस्त को रांची जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है।

परीक्षा केंद्रों पर असामाजिक तत्वों के जुटने और विधि-व्यवस्था भंग किए जाने की आशंका को देखते हुए रांची सदर के अनुमंडल दंडाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की है। यह निषेधाज्ञा 30 अगस्त को सुबह छह बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।

निषेधाज्ञा के दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने, किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल तथा बैठक या आमसभा आयोजित करने पर रोक रहेगी। इसके अलावा लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला सहित किसी भी तरह के अस्त्र-शस्त्र तथा बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर और बम आदि रखने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

नीट-पीजी परीक्षा के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राम टहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरटीसीआईटी), आनंदी, ओरमांझी ब्लॉक चौक; अरुणुम्मा टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, प्रगति पथ, रोड नंबर-6, सैमलोंग, लोअर चुटिया; आईक्यूब डिजिटल, मेदांता अस्पताल के पास, कैफेटेरिया बिल्डिंग, इरबा और ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, ओल्ड एचबी रोड, प्रगति पथ शामिल हैं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story