एचईसी में 10 करोड़ रुपये के उत्पादन का दावा कामगारों के लिए शुभ संकेत : लीलाधर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी में 10 करोड़ रुपये के उत्पादन का दावा कामगारों के लिए शुभ संकेत : लीलाधर सिंह


एचईसी में 10 करोड़ रुपये के उत्पादन का दावा कामगारों के लिए शुभ संकेत : लीलाधर सिंह


रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) के राष्ट्रीय संगठन सचिव सह महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि एचईसी में इस माह 10 करोड़ रुपये के उत्पादन का दावा कर्मचारियों के लिए शुभ संकेत है। अब तक करीब छह करोड़ रुपये के उत्पाद का निर्माण कर डिस्पैच भी किया जा चुका है। उन्होंने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।

लीलाधर सिंह ने उत्पादन में जुटे एचईसी कामगारों, अधिकारियों और निदेशक उत्पादन बीएस गर्ग को बधाई दी। उन्होंने औद्योगिक शांति बनाए रखने और उत्पादन बढ़ाने में सहयोग के लिए सभी यूनियनों के प्रति आभार जताया।

हालांकि, उन्होंने एचईसी नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रबंधन पर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि सभी स्वीपरों को प्लांट में भेज दिए जाने के कारण हजारों नागरिकों को परेशानी हो रही है। इस संबंध में उन्होंने निदेशक कार्मिक घोष, मुख्य नागरिक प्रशासक विमल कुमार और मुख्य संपदा पदाधिकारी रोहित रंजन के साथ बैठक कर समस्या से अवगत कराया।

लीलाधर सिंह ने चेतावनी दी कि ड्रेनेज की नियमित सफाई नहीं होने से महामारी, प्रदूषण और दुर्गंध का खतरा बढ़ सकता है। बैठक में निदेशक कार्मिक ने स्थायी व्यवस्था होने तक प्लांट से दो-तीन स्वीपरों को अस्थायी रूप से नगर की सफाई में लगाने की बात कही।

उन्होंने बताया कि एचईसी स्कूलों में 11वीं-12वीं में दाखिले और ट्यूशन फीस में कामगारों के बच्चों को राहत देने, पारस अस्पताल में इलाज पर चिकित्सा खर्च में सहायता, एलटीएल आवासों के नवीनीकरण तथा कामगारों और अधिकारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया शुरू करने पर भी प्रबंधन विचार कर रहा है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story