राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना में आ रही समस्याओं का होगा समाधान : छविरंजन

WhatsApp Channel Join Now
राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना में आ रही समस्याओं का होगा समाधान : छविरंजन


रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड स्टेट आरोग्य सोसायटी (जसास) और झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्पलाइज एसोसिएशन (झारोटेफ) के बीच राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना में आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर गुरूवार को बैठक हुई। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष विक्रांत कुमार सिंह के नेतृत्व में झारोटेफ का एक शिष्टमंडल कार्यकारी निदेशक छवि रंजन से मिलकर योजना से जुड़ी जमीनी कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा भी की। इस दौरान महासंघ की ओर से 19 बिंदुओं पर आधारित विस्तृत सुझाव कार्यकारी निदेशक को सौंपे गए। इन बिंदुओं में योजना के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी, प्रशासनिक और लाभुकों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

इस मौके पर सोसायटी के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन ने बताया कि प्रस्तुत सुझावों में से अधिकांश को संशोधित संकल्प में शामिल कर लिया गया है। राज्यकर्मियों के स्वास्थ्य बीमा योजना में आ रही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन पर आवश्यक कार्रवाई भी की जा चुकी है। शेष बिंदुओं को भी शीघ्र लागू करने का आश्वासन दिया गया।

उन्होंने कहा कि राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसे देश की उत्कृष्ट स्वास्थ्य योजनाओं में शामिल करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। योजना के प्रभावी संचालन के लिए कर्मचारियों और उनके प्रतिनिधियों के सहयोग को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। संशोधित संकल्प के बाद योजना के क्रियान्वयन में तेजी आई है और इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य जारी है।

बैठक में झारखंड राज्य आरोग्य सोसायटी की अपर कार्यकारी निदेशक सीमा सिंह, महाप्रबंधक प्रवीण चंद्र मिश्रा, वरिष्ठ परामर्शी विवेक कुमार नायक, अंशु कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं महासंघ की ओर से प्रांतीय कोषाध्यक्ष नितिन कुमार, झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू, मुख्य समन्वयक अरविंद कुमार समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story