एचईसी कर्मियों के बच्चों का नामांकन नहीं, जांच की मांग
रांची, 27 अप्रैल (हि.स.)। एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने आरोप लगाया है कि इस वर्ष केराली स्कूल में एचईसी कर्मियों के बच्चों का नामांकन नहीं लिया गया है। उन्होंने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए इस मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शनि सिंह ने कहा कि केराली स्कूल एचईसी परिसर में स्थित है, ऐसे में यदि कर्मियों के बच्चों को प्रवेश नहीं मिलेगा तो उनके सामने पढ़ाई की गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि एचईसी प्रबंधन को तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि एचईसी परिसर में संचालित सभी स्कूलों में कर्मियों के बच्चों के लिए सीटें आरक्षित की जाएं, ताकि कर्मचारियों के परिवारों को शिक्षा सुविधा मिल सके। साथ ही जो स्कूल इस व्यवस्था का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि एचईसी परिसर में कुछ स्कूलों को जितनी जमीन लीज पर दी गई है, उससे अधिक भूमि पर कब्जा कर भवन निर्माण किया गया है। उन्होंने इसकी भी जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए।
शनि सिंह ने प्रबंधन से आग्रह किया कि स्कूलों से जुड़े सभी मुद्दों का जल्द समाधान किया जाए, ताकि कर्मियों और उनके परिवारों को राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

