जेबीवीएनएल कर्मियों को वर्ष 2016-2018 नियुक्ति की तर्ज पर प्राथमिकी दी जाए : अजय राय

WhatsApp Channel Join Now
जेबीवीएनएल कर्मियों को वर्ष 2016-2018 नियुक्ति की तर्ज पर प्राथमिकी दी जाए : अजय राय


रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ की सोमवार को केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) में कार्यरत मानव दिवस, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्स कर्मियों की समस्याओं तथा नियमित नियुक्ति को लेकर चर्चा की गई।

अजय राय ने इस मौके पर कहा कि आगामी नियमित नियुक्तियों में वर्ष 2016 और 2018 की नियुक्तियों की तर्ज पर लंबे समय से कार्यरत मानव दिवस कर्मियों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने वर्तमान पांच वर्ष की आयु सीमा में छूट को बढ़ाकर 10 वर्ष करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्षों से कार्यरत मानव दिवस और आउटसोर्स कर्मी बिजली व्यवस्था की जमीनी रीढ़ हैं। उनके अनुभव और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन को सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

अजय राय ने जेबीवीएनएल में लंबे समय से रिक्त तकनीकी पदों पर शीघ्र नियमित नियुक्ति शुरू करने की मांग की। साथ ही वर्ष 2014 में विभाग और संघ के संयुक्त प्रयास से तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को सेवा अवधि निर्धारण का आधार बनाकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।

बैठक में माली, स्वीपर, चालक, खलासी और पेट्रोलिंगमैन समेत गैर-तकनीकी पदों पर नियमित बहाली, आउटसोर्स कर्मियों के लिए समान काम के लिए समान वेतन तथा जोखिमपूर्ण कार्य प्रशिक्षित कर्मियों से कराने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में संघ के अमित कुमार कश्यप, अमित कुमार शुक्ला, अनिकेत सिंह, मनु भगवान मिश्रा, विजय सिंह, उदय मिश्रा, शिवनारायण साह, उत्पल दास, अभय कुमार सिंह, मुकेश यादव, मो. शमी, महाबीर महतो, मो. अकरम, आफताब, छोटू सिंह मुंडा, मुकेश साहू, रमेश महतो, विद्यासागर और संजीत राम समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story