धान खरीद केंद्रों के चयन में किसानों की सुविधा को दें प्राथमिकता : डीसी
रांची, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय धान अधिप्राप्ति अनुश्रवण समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन में किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। केंद्र यथासंभव किसानों के नजदीक स्थित हों, ताकि उन्हें धान बेचने के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़े। बैठक में आगामी धान अधिप्राप्ति की तैयारियों, पंजीकृत किसानों की संख्या, निर्धारित लक्ष्य और अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन एवं संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में 15 दिसंबर 2026 से संभावित धान खरीद शुरू होने के मद्देनजर केंद्रों के चयन के लिए प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा की गई। समिति ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर सहमति जताई। नए अधिप्राप्ति केंद्रों के प्रस्तावों पर भौतिक सत्यापन के बाद निर्णय लेने का भी फैसला लिया गया।
समिति ने केंद्रों के चयन में पूर्व की बकाया राशि, प्राथमिकी की स्थिति, नियमित अंकेक्षण, गोदामों की उपलब्धता एवं उनकी स्थिति, संबंधित क्षेत्र में धान उत्पादन और पूर्व में किए गए अधिप्राप्ति कार्यों और उपलब्धियों को ध्यान में रखने का निर्णय लिया।
उपायुक्त ने राइस मिलरों के चयन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने धान खरीद की प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला प्रबंधक रामगोपाल पांडेय सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

