रांची सिविल कोर्ट में प्रधान न्यायायुक्त ने फहराया तिरंगा

WhatsApp Channel Join Now
रांची सिविल कोर्ट में प्रधान न्यायायुक्त ने फहराया तिरंगा


रांची, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची सिविल कोर्ट परिसर में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। प्रधान न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान से प्राप्त स्वतंत्रता और उससे जुड़े मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देश की प्रगति में अपना योगदान देने का प्रयास करना चाहिए। हमारा ऐसा आचरण और कार्य होना चाहिए, जिससे देश निरंतर आगे बढ़े और समाज में सुख-समृद्धि कायम हो।

प्रधान न्यायायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति का उद्देश्य केवल राजनीतिक आजादी हासिल करना नहीं था, बल्कि देश को निरंतर विकास और प्रगति के रास्ते पर आगे ले जाना भी था। उन्होंने सभी लोगों की खुशहाली और समृद्धि पर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

रांची सिविल कोर्ट परिसर में नए बार भवन के समक्ष भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। यहां रांची जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभू अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देश के शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर रांची सिविल कोर्ट के न्यायाधीश, अधिवक्ता और बड़ी संख्या में न्यायिक एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे। समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story