झारखंड में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति कर रही सरकार : अनंतप्रताप

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति कर रही सरकार : अनंतप्रताप


रांची, 25 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में बजट पर चल रही चर्चा के दौरान बुधवार को सत्ता पक्ष की ओर से विधायक अनंत प्रतापदेव ने कहा कि पूर्व की सरकार में भवनाथपुर में एक से दो घंटे ही बिजली आपूर्ति होती थी। लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बनी झारखंड में सरकार बनने के साथ ही राज्यभर में 22 से 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि न सिर्फ बिजली बल्कि सरकार ने सड़क, पुल और पुलिया निर्माण के लिए भी बेहतर कार्य कर रही है। बजट में भी इसके प्रावधान किए गए हैं। इसपर भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि पूर्व की सरकार में जितना कार्य किए गए हैं हेमंत सरकार में दूर-दूर तक नजर नहीं आती है। इस सरकार से कोई और उम्मीद भी नहीं की जा सकती है।

अनंत प्रतापदेव ने कहा कि विपक्ष अक्सर सवाल उठाता है, लेकिन राज्य सरकार ने विकास को गति देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बेहतर शासन और कुशल व्यवस्था के कारण ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि बजट में कृषि ऋण की सीमा बढ़ाकर किसानों को राहत दी गई है, जिससे वे सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। बजट में देश में पहली बार सर्वजन पेंशन योजना लागू कर 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

उन्होंने भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में सरकार की ओर से शुरू किए गए योजनाओं का उल्लेख किया। चर्चा के दौरान भाजपा सदस्य नवीन जायसवाल और नीरा यादव ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए सरकार के दावों को गलत बताया। इसपर सदन में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई और स्पीकर रबींद्रनाथ महतो को हस्तक्षेप करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story